गाजियाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसाइटी में नौवीं मंजिल से कूदकर तीन नाबालिग बहनों की मौत के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। चार फरवरी की तड़के हुई इस दर्दनाक घटना के बाद सोसाइटी में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना के बाद गुरुवार को सोसाइटी में उस समय हलचल मच गई, जब दोनों फ्लैट मालिक वहां पहुंचे। उन्होंने सीधे फ्लैट पर जाने के बजाय बच्चियों के पिता चेतन को फोन कर नीचे बुलाया और फ्लैट खाली करने को कहा. चेतन ने पुलिस जांच का हवाला देते हुए कुछ समय मांगा। इस पर फ्लैट मालिकों ने कहा कि यदि जल्द फ्लैट खाली नहीं किया गया तो वे कानूनी नोटिस भेजेंगे। हालांकि, दोनों फ्लैट का किरायानामा फिलहाल वैध बताया जा रहा है। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों को पता चला कि चेतन ने तीन शादियां कर रखी हैं। यह जानकारी सामने आने के बाद लोग और भी स्तब्ध हो गए। पहले किसी को इस बारे में भनक तक नहीं थी. सोसाइटी में रहने वाले लोग अब पूरे मामले को लेकर असहज और चिंतित नजर आ रहे है। बता दें कि बच्चियों के पिता चेतन ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि उनकी बेटियां मोबाइल पर कोरियाई टास्क वाले गेम खेलती थीं और कोरियाई संस्कृति से प्रभावित थीं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या किसी ऑनलाइन गेम या डिजिटल कंटेंट का इस घटना से कोई संबंध है। उधर, पुलिस को चेतन के तीन बैंक खातों की डिटेल मिल चुकी है। इन खातों का रिकॉर्ड एक हजार से अधिक पन्नों का बताया जा रहा है, जिसमें लंबे समय के लेनदेन दर्ज हैं. पुलिस अब इन खातों की बारीकी से जांच कर चेतन की आर्थिक स्थिति का आकलन करेगी। साथ ही उसकी पत्नियों के बैंक खातों की जानकारी का भी इंतजार किया जा रहा है। लोन या अन्य वित्तीय दायित्वों को लेकर भी जांच जारी है।
Tags
गाजियाबाद