भाजपा नेता सरदार सिंह भाटी के बेटे आकाश भाटी की अगुवाई में नशाखोरी के खिलाफ लोगों ने निकाला पैदल मार्च, प्रदर्शन कर शालीमार गार्डन एसएचओ को सौंपा ज्ञापन
गाजियाबाद। नशे और नशाखोरी के खिलाफ रविवार को ट्रांस हिंडन एरिया के शालीमार गार्डन में स्थानीय लोगों ने पैदल मार्च करने के बाद थाना शालीमार गार्डन के बाहर प्रदर्शन किया गया और उसके बाद थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। इस प्रदर्शन का नेतृत्व का शालीमार गार्डन निवासी आकाश भाटी ने किया। ज्ञापन में नशाखोरी और नशेड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नशाखोरी के स्थान और नशा बेचने वालों के नाम भी बताए गए।
पूर्व डिप्टी मेयर सरदार सिंह भाटी के बेटे आकाश भाटी (एडवोकेट) ने ज्ञापन में कहा है कि शालीमार गार्डन में खुलेआम गांजा, स्मैक, शराब आदि की सार्वजनिक स्थानों पर बिक्री हो रही है और नशेड़ियों द्वारा इन नशीले पदार्थों का सरेआम सेवन किया जा रहा है जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था, शांतिभंग, महिला और बच्चों तथा सीनियर सिटीजन की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने बताया है कि जिन स्थानों पर नशा की बिक्री की जाती है उनमें तिकोना पार्क के सामने 108 नंबर प्लांट के बराबर में गली में, पीला गेट डोमिनोज के पास, तिकोना पार्क के अंदर, टंकी वाला पार्क ,वार्ड कार्यालय के सामने की ओर तथा शहीद स्थल के पीछे पीपल के पेड़ के नीचे नशाखोरी होती है। इन स्थानों पर अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है।
आकाश भाटी ने कहा कि यह जानकारी उन्हें जनता के द्वारा मिली है। इस ज्ञापन में बताया गया है कि तिकोना पार्क के पास 108 नंबर प्लांट के वाली गली में नशे के पदार्थ बेचने वालों के नाम टोनी, आवी, इंदर, अल्फाज, साजिद आदि हैं। इसी तरह अवैध शराब की बिक्री करने वालों में एक महिला है जिसे स्थानीय लोग सरदारनी के नाम से पुकारते हैं। इसके अलावा फारूक का नाम भी शराब बिक्री में बताया गया है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि इसकी जांच करते हुए नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा सर्वजनिक स्थानों पर की जा रही नशे के सामान की बिक्री तत्काल प्रभाव रोकी जाए।
इस प्रदर्शन को लेकर थाना शालीमार गार्डन पर नियुक्त हुए नए थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार तिवारी से प्रदर्शनकारियों की नौक-झोंक भी हुई। एक प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने एडवोकेट तथा अन्य का सम्मान नहीं किया। जबकि थाना प्रभारी का कहना था कि उन्होंने आज ही थाने का चार्ज लिया है। वे किसी को नहीं जानते, यहां हर किसी को सम्मान मिलेगा लेकिन वे अपनी आंखों के सामने रोड को जाम होते हुए भी नहीं देख सकते।
Tags
गाजियाबाद