गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम रेलवे स्टेशन के पास अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लिंक रोड की ओर से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों नहीं रुके और भागने लगे। आरोप है कि भागते समय उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसे घायल हालत में अस्पताल भेजा गया। दूसरे आरोपी को मौके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान रोहित पांचाल और निखिल सागर उर्फ नीशू के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के न्यू मॉडल शाहदरा इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार रोहित पांचाल के खिलाफ एनसीआर क्षेत्र में लूट और चोरी के आधा दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि जनवरी महीने में राजेंद्र नगर और शनि चौकी क्षेत्र से मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं को अंजाम दिया था। एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि उनके पास से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। फिलहाल घायल आरोपी का इलाज चल रहा है, जबकि दूसरे से पूछताछ की जा रही है। पुलिस दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड की और जानकारी जुटाने में लगी है।
Tags
गाजियाबाद