दोस्त की हत्या में फरार चल रहा 15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

तांत्रिक क्रिया के चक्कर में दोस्त की हत्या कर शव जलाया था, दो आरोपी पहले ही हो चुके गिरफ्तार


गाजियाबाद
। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे 15 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम नसीम पुत्र इकबाल है, जो पंचलोक का रहने वाला है।
16 जनवरी 2026 को मिल्क विकास नगर निवासी नितिन ने थाने में शिकायत दी थी कि उसके भाई नवीन की हत्या कर शव को ऑटो में जलाकर नष्ट कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने 17 जनवरी को दो आरोपियों पवन और सागर उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि तीसरा आरोपी नसीम फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने अब मुखबिर की सूचना पर नसीम को पंचलोक गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक नवीन, वह और उसके दो साथी आपस में दोस्त थे। कुछ समय पहले वे सभी दिल्ली में एक तांत्रिक के पास गए थे, जहां यह बात सामने आई कि किसी करीबी की बलि देने से धन और शक्ति मिल सकती है। आरोपी के अनुसार उन्हें शक हो गया था कि नवीन उनमें से किसी की बलि दे सकता है। इसी डर के कारण तीनों ने मिलकर 13 जनवरी की रात सागर के कमरे में गैस सिलेंडर से हमला कर नवीन की हत्या कर दी। बाद में शव को कंबल में लपेटकर उसके ऑटो में रखकर घिठोरा मोड़ के पास जंगल में ले जाकर आग लगा दी। ट्रॉनिका सिटी एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने