गाजियाबाद की लोनी बॉर्डर थाना पुलिस के हत्थे चढ़े वाहन चोर

4 शातिरों के पास 10 चोरी की बाइक और फर्जी नंबर प्लेट बरामद


गाजियाबाद।
लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पदार्फाश करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की दस मोटरसाइकिलें, फर्जी नंबर प्लेट और कटी हुई मोटरसाइकिलों के कई पार्ट्स बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार लोनी बॉर्डर थाने में एक व्यक्ति ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और खुलासे के लिए एक टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान जुनैद उर्फ जान मोहम्मद, सैफ, नाजिम और पंकज के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके गिरोह के अन्य सदस्य अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करके लाते थे। चोरी की मोटरसाइकिलें जुनैद और सैफ को बेची जाती थीं। इसके बाद ये लोग मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पुर्जे अलग-अलग कर देते थे और उन्हें दिल्ली के एक कबाड़ी को बेच देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की दस मोटरसाइकिलों के अलावा कई फर्जी नंबर प्लेट और कटी हुई मोटरसाइकिलों के पार्ट्स भी बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे में बढ़ोतरी की है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। साथ ही बरामद मोटरसाइकिलों के असली मालिकों की पहचान करने की भी कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक भी पहुंचा जा सके।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने