दिल्ली की मंडोली जेल में कैदी आजाद की संदिग्ध हालात में मौत

परिवार ने जेलकर्मी पर लगाया आजाद की हत्या का आरोप

नई सीमापुरी का रहने वाला था मृतक आजाद उर्फ राखाल



पूर्वी दिल्ली।
 
मंडोली जेल में बंद एक कैदी की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। रविवार सुबह उसकी मौत के बाद शव को जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिवारवालों ने रूपयों की डिमांड पूरी न होने पर जेल कर्मचारी द्वारा की गई पिटाई से कैदी की जान जाने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस इस मामले में अभी तक कोई बयान देने से बच रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
मृतक की पहचान मोहम्मद आजाद उर्फ राखाल निवासी ई ब्लॉक नई सीमापुरी के रूप में हुई है। वह वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट में जेल गया था। मृतक के भाई शहजाद ने बताया कि गत 24 फरवरी को उसके भाई आजाद से जेल के एक अधिकारी ने रुपये मांगे थे। रुपये न देने पर बुरी तरह से पीटा था।  शहजाद ने आरोप लगाया कि जेल में कैदी मोबाइल इस्तेमाल करते हैं। एक मार्च रविवार की सुबह एक कैदी ने फोन करके परिवार को सूचना दी कि आजाद की मौत हो गई है। 
जीटीबी अस्पताल में डॉक्टरों ने आजाद को मृत घोषित किया। आजाद की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।  परिवार व पड़ोस के लोग जीटीबी अस्पताल पहुंचे। हर्ष विहार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवार ने जेल प्रशासन व अपराधियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा कि राकाल पर दो लाख रूपए देने का दबाव बनाया जा रहा था, इसी वजह से उसके साथ जेल में मारपीट की गई। परिजनों ने बताया देर रात तक आजाद से हमारी बातचीत हुई थी, अचानक उसकी मौत पर यकीन नहीं होता, जेल में उसकी हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस इस मामले में कोई बयान देने से बच रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। 
इस बीच जीटीबी अस्पताल में भर्ती एक और कैदी उपचाररत है जिसके बारे में चर्चा है कि नशे की ओवरडोज लिए जाने से उसकी तबीयत बिगड़ी थी और उसे बीमार हालत में अस्पताल में दाखिल कराया गया। यदि नशे की ओवरडोज लिए जाने की चर्चा सही है तो यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर जेल के अंदर नशीले पदार्थ कैदियों तक कैसे पहुंच रहे हैं। उधर, मृतक राकल के परिजनों ने भी जेल प्रशासन पर जिस तरह के गंभीर आरोप लगाए हैं उससे जेल की व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। 


ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने