लोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तिक को चाकू मारने वाला एक लाख रुपए का इनामी जीशान एनकाउंटर में ढेर

इंस्पेक्टर बाल-बाल बचे, 2 पुलिसवालों को लगी गोली; 10 मिनट तक होती रही फायरिंग


गाजियाबाद।
लोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी जीशान को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। एनकाउंटर के दौरान जीशान को दो गोलियां लगीं और घायल हालत में अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह मुठभेड़ लोनी अंडरपास के पास निठौरा अंडरपास के निकट हुई। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। खास बात यह है कि सलीम पर हमले के खिलाफ हिंदू संगठनों में भी उबाल था और वे हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे वहीं एक दिन पहले ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्यवाही का ऐलान किया था। इसके ठीक अगले दिन मुख्य आरोपी जीशान लोनी में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।
एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि पुलिस और बाइक सवार बदमाश के बीच करीब 10 मिनट तक फायरिंग हुई, जिसमें बदमाश की ओर से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। लोनी पुलिस और देहात स्वाट टीम ने उनके नेतृत्व में यह मुठभेड़ की। इसमें एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृत बदमाश की पहचान जीशान निवासी नगला सैफी, जिला अमरोहा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी बदमाश ने सलीम पर चाकू से हमला किया था। सीसीटीवी फुटेज में वह बाइक पर पीछे बैठा दिखाई दिया था और कुर्ता पजामा पहने हुए था। मौके से हमले में प्रयुक्त चाकू, एक पिस्टल, कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ने बताया कि जीशान अमरोहा का रहने वाला था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। सीसीटीवी फुटेज से पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर उसने फायरिंग कर दी, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी में सचिन कुमार और विपिन ठाकुर हेड कांस्टेबल हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जीशान के पैर और सीने में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एनकाउंटर के संबंध में बताया है कि हमलावरों में से इस एनकाउंटर में मारा गया है। उसने अपने सगे भाई गुलफाम के साथ मिलकर इस्लाम में व्याप्त कथित कुरीतियों पर करारा प्रहार करने वाले सलीम वास्तविक पर हमला किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपित दोनों भाई एक कट्टरपंथी संगठन से जुड़े हैं। जीशान अपना यूट्यूब चैनल भी चलाता है। फिलहाल, गुलफाम अभी फरार है। पुलिस ने इनके पास से पिस्टल, कारतूस, घटना में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड व बाइक बरामद कर ली है।  इस मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस कमिश्नर जे0 रविन्द्र गौड़ समेत अन्य पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे और पुलिसवालों के साहस की सराहना की।
वीडियो कंटेंट को लेकर सलीम को मिलती थीं धमकियां, हमले के विरोध में हिंदू संगठनों में आया उबाल: सलीम वास्तिक खुद को एक्स मुस्लिम बताते हैं और यूट्यूब पर वीडियो बनाते हैं। उनके वीडियो कंटेंट को लेकर सोशल मीडिया पर कई बार विरोध और धमकियां मिलने की बात सामने आई थी। बताया जा रहा है कि लगातार बयानबाजी के कारण वे कुछ लोगों के निशाने पर थे। लोनी में अली गार्डन स्थित कार्यालय में शुक्रवार सुबह की नमाज अदा करने के कुछ ही समय बाद सलीम पर हमला किया गया था। बाइक सवार दो हमलावर सलीम वास्तिक के दफ्तर में घुसे और चाकू से उनकी गर्दन और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल सलीम को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी गर्दन का आॅपरेशन हो चुका है और एक अन्य सर्जरी होनी बाकी है। उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। इस हमले के बाद से हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश था। डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद सरस्वती और हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने हमलावरों की गिरफ्तारी पर वसीम पर हमले का बदला लेने की पुरजोर मांग उठाते हुए हुुंकार भरी थी। पुलिस ने अब इस मामले में जीशान को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। सलीम वास्तिक पर जानलेवा करने वाले बदमाश के साथ हुई मुठभेड़ के बाद लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वाले बदमाशों की प्रदेश में कोई जगह नहीं है। उन्होंने पुलिस की प्रशंसा करते हुए षड्यंत्र में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने