एनर्जी ड्रिंक की चोरी में ड्राइवर-क्लीनर गिरफ्तार

एनर्जी ड्रिंक की 214 पेटियों में 179 बेचीं, पुलिस ने 39 पेटी बरामद की

गाजियाबाद।
मसूरी थाना क्षेत्र में एक कंटेनर से एनर्जी ड्रिंक की 214 पेटियां चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंटेनर के चालक और उसके साथी क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चोरी की 39 पेटी एनर्जी ड्रिंक और 1150 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गुरुग्राम स्थित वरूणा इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक प्रा. लि. के मैनेजर नरेश सिंह ने 26 मार्च को मसूरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी का कंटेनर 16 मार्च को प्रयागराज से स्टिंग एनर्जी ड्रिंक की 3070 पेटियां लेकर सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा के लिए चला था। जीपीएस ट्रैकिंग के आधार पर यह वाहन मसूरी क्षेत्र में लावारिस खड़ा मिला। चालक अब्दुल्ला और क्लीनर आदिल मौके से फरार थे। जांच करने पर कंटेनर की सील टूटी हुई पाई गई और उसमें से 214 पेटियां गायब थीं। इस मामले में मसूरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपियों, चालक अब्दुल्ला और क्लीनर आदिल को मसूरी के पास एक खंडहर से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी का कुछ माल बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि रास्ते में उन्हें लालच आ गया था। उन्होंने 175 पेटियां अलग-अलग ढाबों पर बेच दी थीं और उन पैसों को खर्च कर दिया था। शेष 39 पेटियां उन्होंने छिपाकर रखी थीं और उन्हें बेचने की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। मसूरी थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया, ''दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके पास से चोरी का कुछ माल भी बरामद हुआ है। शेष माल की तलाश जारी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।''

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने