सुसाइड से पहले जितेन्द्र ने बनाया था वीडियो, प्रेमी विपिन शर्मा की तलाश तेज
गाजियाबाद। सिहानी गेट थानाक्षेत्र के शिब्बनपुरा में जितेंद्र नामक युवक की आत्महत्या मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी अनीशा को गिरफ्तार किया है। युवक ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पत्नी के प्रेम संबंध को जिम्मेदार ठहराया था। मृतक के परिजनों की शिकायत पर अनीशा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस अब अनीशा के कथित प्रेमी विपिन शर्मा की तलाश कर रही है।
दरअसल, जितेन्द्र ने रविवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उसने मोबाइल से एक वीडियो बनाकर अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को इस कदम के लिए जिम्मेदार ठहराया था। शिब्बनपुरा पटेलनगर निवासी जितेंद्र निजी कंपनी में नौकरी करता था। वर्ष 2011 में उसने अनीशा नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों की तीन बेटियां हैं। बीते कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक रविवार को जितेंद्र ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की मां कृष्णा रानी ने सिहानी गेट थाने में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बहू अनीशा उनके बेटे को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। उनका कहना है कि अनीशा के विपिन शर्मा नाम के युवक से अवैध संबंध थे, जिसके कारण जितेंद्र का वैवाहिक जीवन तनावपूर्ण हो गया था। आरोप है कि विपिन शर्मा भी जितेंद्र को अपमानित करता था और मानसिक रूप से परेशान करता था। परिजनों के अनुसार लगातार हो रही प्रताड़ना से जितेंद्र काफी परेशान रहने लगा था।
रविवार को उसने आत्महत्या करने से पहले मोबाइल से एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी अनीशा और उसके प्रेमी विपिन शर्मा को इस कदम के लिए जिम्मेदार ठहराया। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के मोबाइल से यह वीडियो बरामद कर लिया है और उसे जांच में शामिल करते हुए आगे की कार्रवाई की। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि मृतक की मां की शिकायत के आधार पर पत्नी अनीशा और विपिन शर्मा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया और मोबाइल से मिली वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब इस मामले में फरार आरोपी प्रेमी को तलाश किया जा रहा है।
Tags
गाजियाबाद