न्याय ने मिलने पर नाराज नाबालिग लड़की के पिता और महिला ने खुद पर तेल डाल किया आत्मदाह का प्रयास
गाजियाबाद। कमिश्नर कार्यालय के बाहर सोमवार को एक नाबालिग लड़की के पिता और एक महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। उन्होंने खुद पर तेल डाला, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना थाना टीला मोड़ क्षेत्र की सिकंदरपुर चौकी से संबंधित है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ दिन पहले नाबालिग लड़की से जुड़े मामले में पुलिस ने उन्हें आधी रात करीब 12:30 बजे चौकी बुलाया और उनके साथ मारपीट की। परिवार ने एक युवक के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उनका दावा है कि आरोपी के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई, जिससे वे पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज थे।इस मामले में नाबालिग के मेडिकल को आधी रात कराए जाने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे। सोमवार को आत्मदाह के प्रयास का जो वीडियो सामने आया है, उसमें पीड़िता के पिता के साथ एक महिला भी अपने ऊपर तेल छिड़कती दिख रही है, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को आत्मदाह करने से रोका। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार को कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ से मिलवाया। कमिश्नर ने परिवार की शिकायतें ध्यान से सुनीं और मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए। पीड़ित परिवार फिलहाल न्याय की मांग कर रहा है। घटना के समय उनके साथ बड़ी संख्या में लोग भी मौजूद थे।
Tags
गाजियाबाद