लिव इन पार्टनर और उसकी बेटी का कातिल दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार

उत्तराखंड में की थी वारदात, अब मुंबई भागने की तैयारी में था दीपक

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की नॉर्थ-वेस्ट जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस के आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 38 साल के दीपक बहादुर के रूप में हुई है, जो नेपाल का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक उसने अपनी लिव-इन पार्टनर और उसकी 9 साल की बेटी की हत्या कर दी थी और इसके बाद फरार हो गया था। डीसीपी आकांक्षा यादव के मुताबिक 6 मार्च 2026 की शाम करीब 7:30 बजे रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा गांव के रहने वाले योगेंद्र लाल ने पुलिस को सूचना दी कि दीपक बहादुर पिछले कई दिनों से अपने किराए के कमरे पर दिखाई नहीं दे रहा है और कमरे से तेज बदबू आ रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा बंद था और अंदर का माहौल संदिग्ध लग रहा था। जब पुलिस ने कमरे की जांच की तो अंदर एक महिला और एक 9 साल की बच्ची के शव मिले। दोनों की मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।
जांच के दौरान पता चला कि कमरे में रहने वाला दीपक बहादुर घटना के बाद से ही गायब है, जिससे उस पर शक गहरा गया। इसके बाद रुद्रप्रयाग कोतवाली में 7 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता (इठर) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया और आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों से पुलिस को आरोपी की लोकेशन दिल्ली के आजादपुर मंडी इलाके के पास मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने दिल्ली पुलिस के नॉर्थ-वेस्ट जिला स्पेशल स्टाफ से मदद मांगी। टीम ने इलेक्ट्रॉनिक और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। निगरानी के दौरान आरोपी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया। स्टेशन पर भारी भीड़ होने की वजह से उसे तुरंत पकड़ना मुश्किल था, लेकिन पुलिस टीम ने इलाके में लगातार तलाश जारी रखी। आखिरकार आरोपी को उस समय पकड़ लिया गया जब वह मुंबई जाने के लिए ट्रेन में सवार होने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ में आरोपी ने दोनों हत्याओं की बात कबूल कर ली। उसने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात महिला से फेसबुक के जरिए हुई थी, जिसके बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे और महिला की 9 साल की बेटी भी उनके साथ रहती थी। कुछ समय बाद उसे शक हुआ कि महिला किसी दूसरे व्यक्ति के साथ भी रिश्ते में है, जिससे वह काफी परेशान और डिप्रेशन में रहने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और गुस्से में उसने महिला और उसकी बेटी की हत्या कर दी थी। आरोपी को उत्तराखंड पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने