गाजियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र में जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी के एक मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्लॉट बेचने से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार 8 अगस्त 2025 को विवेक सिंहल, निवासी संयोग नगर, मधुबन बापूधाम, गाजियाबाद ने लोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने उनके साथ धोखाधड़ी की और प्लॉट के फर्जी और कूटरचित कागजात तैयार किए। आरोपियों ने गाली-गलौज भी की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सुन्दर नाम के व्यक्ति की भूमिका सामने आई। वह रामपार्क एक्सटेंशन, थाना ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद का रहने वाला है और प्रॉपर्टी का काम करता है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और 28 मार्च 2026 को उसे लोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रहीसू नाम के व्यक्ति के साथ मिलकर प्रॉपर्टी का काम करता था। रहीसू के कहने पर वह सावित्री देवी नाम की महिला से मिला। इसके बाद तीनों ने मिलकर एक फर्जी मुख्तारनामा तैयार किया, जिसमें 900 वर्ग गज जमीन को गलत तरीके से अपने नाम दिखाया गया। इसी फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और बाद में उसे बेच दिया गया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में रहीसू और सावित्री देवी की तलाश की जा रही है। आरोपी सुन्दर के खिलाफ इस मामले में एक मुकदमा दर्ज है और उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद