एसडीएम दीपक सिघंनवाल ने कहा-फरवरी से वर्तमान समय तक प्रदूषण फैलाने वाली 100 से अधिक फैक्ट्रियां सील
गाजियाबाद। तहसील लोनी क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध और प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी लोनी दीपक सिंहनवाल के नेतृत्व में ग्राम बहटा हाजीपुर में निरीक्षण करते हुए 12 अवैध फैक्ट्रियों के खिलाफ सीलिंग और विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई की गई। यह अभियान 6 अप्रैल को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर पालिका परिषद लोनी, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने उन इकाइयों को चिन्हित किया, जो बिना अनुमति संचालित हो रही थीं और क्षेत्र में प्रदूषण का कारण बन रही थीं।
अभियान में नायब तहसीलदार रति गुप्ता, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता, नगर पालिका परिषद लोनी के जोन इंचार्ज विकास कुमार सहित विद्युत और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। उपजिलाधिकारी दीपक सिंहनवाल ने बताया कि फरवरी, मार्च और अप्रैल के दौरान चलाए गए अभियानों में अब तक 100 से अधिक अवैध फैक्ट्रियों के खिलाफ सीलिंग और बिजली काटने की कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध या प्रदूषणकारी इकाइयों को संचालित नहीं होने दिया जाएगा और भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध फैक्ट्री या प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधि संचालित होती दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
Tags
गाजियाबाद