राजस्थान से गाजियाबाद ले जाए जा रहे थे 170 दुर्लभ तोते बागपत में जब्त

पीएफए के शिकायत पर बागपत पुलिस ने तीन तस्कर दबोचे, दो फरार


बागपत।
बागपत पुलिस और एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन की टीम ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के पास से 170 दुर्लभ प्रजाति के तोते बरामद किए हैं। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। यह कार्रवाई मवीकला टोल के निकट एक संदिग्ध गाड़ी को रोकने के बाद की गई। गाड़ी की तलाशी के दौरान उसमें सात प्लास्टिक के बक्से मिले, जिनमें तोतों को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस और पीपुल फॉर एनिमल (पीएफए) की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है। 
एनिमल वेलफेयर आफिसर गौरव गुप्ता ने बताया कि उन्हें तोतों की तस्करी के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद एक जाल बिछाया गया और बागपत पुलिस से संपर्क किया गया। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान कन्नौज निवासी खुर्शीद, मोहसिन और राजा के रूप में हुई है। फरार हुए दो साथियों के नाम शमीम और सोहराब बताए गए हैं, जिनकी तलाश जारी है। गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि ये तोते राजस्थान से गाजियाबाद के लोनी ले जाए जा रहे थे। तस्कर एक निजी गाड़ी का इस्तेमाल कर रहे थे। सूचना के आधार पर ही इन आरोपियों को पकड़ा गया। फिलहाल, बागपत पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार तस्करों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने