शालीमार गार्डन में सवा किलो गांजा और नकदी के साथ पुलिस ने महिला तस्कर पकड़ी
गाजियाबाद। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे 'आॅपरेशन प्रहार' के अंतर्गत थाना शालीमार गार्डन पुलिस ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है जिसके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा और नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित की गई नकदी बरामद की है। इस गिरफ्तारी से दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर पर सक्रिय ड्रग नेटवर्क को झटका लगा है।शालीमार गार्डन एसीपी के मुताबिक चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम तिकौना पार्क, बंगाली कॉलोनी क्षेत्र में मुस्तैद थी तभी एक महिला की संदिग्ध हरकतों को देखकर पुलिस ने उसे रोका और महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में तलाशी ली। महिला के कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा और नशे की बिक्री के 840 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिदा उर्फ मुन्नी (28 वर्ष) पत्नी आसिफ निवासी न्यू सीमापुरी, दिल्ली के रूप में हुई। साहिदा ने कुबूल किया कि वह अपनी साथी शबनम पत्नी कल्लू के साथ मिलकर दिल्ली से थोक में गांजा खरीदकर लाती थी। यह गिरोह गाजियाबाद और सीमापुरी के इलाकों में नशे के आदी लोगों को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर गांजा सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी शबनम फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला है कि गिरफ्तार महिला साहिदा कोई नई अपराधी नहीं है, इसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े बड़े सप्लायरों की जानकारी जुटा रही है।
Tags
गाजियाबाद