लव मैरिज का खौफनाक अंत: खोड़ा में पत्नी ने गला दबाकर ली पति की जान

11 साल पहले धर्म की दीवार तोड़कर की थी शादी, पत्नी गिरफ्तार अब बच्चे हुए बेसहारा


गाजियाबाद।
खोड़ा थाना क्षेत्र के शंकर विहार कॉलोनी में गुरूवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां 11 साल पहले लव मैरिज करने वाले दंपति का रिश्ता खौफनाक अंत तक पहुंच गया। पत्नी ने घरेलू विवाद में अपने पति की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से फरुर्खाबाद के रहने वाले बिजेंद्र की उसकी पत्नी सोनिया उर्फ सोनी ने गला दबाकर हत्या कर दी। सोनिया मुस्लिम धर्म से है और उसने हिंदू बिजेंद्र से शादी की थी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इसकी वजह से मारपीट भी होती रहती थी। बीते 31 मार्च की रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आवेश में आकर पत्नी ने पति का गला दबा दिया। परिजनों ने आरोप लगाया था कि महिला शराब की आदी थी और विवाद के बाद डंडे के सहारे गला दबाकर हत्या की गई। जबकि पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी ने खुद को पीड़ित बताया और कहा कि पति की मारपीट से परेशान होकर उसने ये कदम उठाया है।
हत्याकांड से दो बच्चे हो गए बेसहारा: करीब 11 साल पहले हुए इस प्रेम विवाह से दंपति के दो बेटे हैं। उनकी उम्र 9 और 6 साल है। इस घटना के बाद दोनों बच्चे बेसहारा हो गए हैं। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। मुखबिर की सूचना पर आरोपी महिला को खोड़ा इतवार पुश्ता से गिरफ्तार कर लिया गया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने