आचार्य श्री 108 सौरभ सागर जी महाराज का कविनगर में भव्य स्वागत

धर्म और सेवा भाव का दिया संदेश, दो पुस्तकों का विमोचन

गाजियाबाद।
आचार्य श्री 108 सौरभ सागर जी महाराज ने बुधवार को कविनगर स्थित एसएसडी जैन पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल प्रबंधन समिति, जैन समाज एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जम्बू प्रसाद जैन, मंत्री अजय जैन सहित स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। निरीक्षण के दौरान आचार्य श्री ने स्कूल की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय निरंतर उन्नति कर रहा है, जिसका श्रेय इसकी कार्यसमिति और प्रबंधन को जाता है। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ और समाज के लोगों ने आचार्य श्री का पाद प्रक्षालन एवं आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद आचार्य श्री ने कविनगर स्थित जैन मंदिर में चल रहे विधान का शुभारंभ अपने आशीष वचनों के साथ किया।
कार्यक्रम में आचार्य श्री सौरभ सागर जी द्वारा रचित ‘श्री मंशापूर्ण महावीर विधान’ सहित दो पुस्तकों का विमोचन समाज के प्रतिष्ठित लोगों द्वारा किया गया। अपने मंगल प्रवचन में आचार्य श्री ने कहा कि जब एक या दो व्यक्ति पूजा करते हैं तो वह पूजा कहलाती है, जबकि सामूहिक रूप से विधिपूर्वक पूजा-पाठ करने को विधान कहा जाता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और विधि-विधान से पूजा एवं धर्म साधना करने से पाप कर्मों का क्षय होता है तथा मनुष्य की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
उन्होंने कहा कि धर्म और ध्यान से पुण्य कर्मों का उदय होता है और पुण्य के प्रभाव से जीवन में सुख-समृद्धि एवं सफलता प्राप्त होती है। मनुष्य को सदैव पूजा-पाठ, सेवा भाव और अच्छे कर्मों में लगे रहना चाहिए। साथ ही गुरुजनों, साधु-संतों, माता-पिता और ईश्वर के बताए मार्ग पर चलना चाहिए तथा बुरे कर्मों और बुरी संगति से दूर रहना चाहिए। विधान कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में जैन समाज के लोग शामिल हुए। जैन समाज के प्रवक्ता अजय जैन ने बताया कि आचार्य श्री 27 मई तक जैन मंदिर कविनगर में विराजमान रहेंगे। श्रद्धालु समयानुसार उनके दर्शन कर धर्म लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि 28 मई की प्रातःकाल आचार्य श्री श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर घंटाघर के लिए प्रस्थान करेंगे।
आचार्य श्री के सात वर्ष बाद कविनगर आगमन को लेकर समाज में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। दूर-दूर से श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए भोजन और पेयजल की विशेष व्यवस्था भी की गई है। इस अवसर पर प्रदीप जैन, अजय जैन, जम्बू प्रसाद जैन, संजय जैन, सुभाष जैन, सतीश जैन, अशोक जैन, अजय जैन प्रवक्ता जैन समाज समेत समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने