लखनऊ में भीषण अग्निकांड: कोचिंग सेंटर वाली बिल्डिंग में लगी आग, 15 लोगों की मौत

अलीगढ़ का दौरा छोड़ सीएम योगी आदित्यनाथ राजधानी रवाना

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने भी घटना पर शोक जताया, मुआवजे का ऐलान.

लखनऊ। 
राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां कोचिंग सेंटर वाली बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर स्थित एक गेमिंग जोन और सॉफ्टवेयर ऑफिस में भीषण आग लगने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले कोचिंग सेंटर वाली बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर लगी और देखते ही देखते पूरे ऑफिस में फैल गई। घटना के समय ऑफिस में 30 से अधिक लोग मौजूद थे। आग लगते ही अफरातफरी मच गई और लोगों ने जान बचाने के लिए इमारत से बाहर निकलने का प्रयास किया। कई लोगों को कोई सुरक्षित रास्ता नहीं मिला तो वे बगल से गुजर रहे तार के सहारे नीचे उतरने और कूदने लगे। इस दौरान दो लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवती भी शामिल है। 
बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बचाव का मौका नहीं मिल सका। घटना के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल कर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन आग की भयावहता के कारण उसे पूरी तरह काबू करने में काफी समय लगा। करीब चार घंटे बाद भी बिल्डिंग से धुआं और आग की लपटें निकलती रहीं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, डीजी फायर सुजीत पांडेय, पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी लखनऊ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों के उपचार के लिए सिविल अस्पताल की चार सदस्यीय मेडिकल टीम और तीन एंबुलेंस भी घटनास्थल पर भेजी गईं। सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बेड संख्या 23 से 30 तक खाली करा दिए गए हैं।
इस भयानक अग्निकांड की त्रासदी और इसमें जान गंवाने वाले मासूमों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बेहद भावुक हो गए।  उपमुख्यमंत्री खुद को संभाल नहीं पाए और कैमरे के सामने ही फफक-फफक कर रो पड़े। ब्रजेश पाठक ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार 12 से 14 लोगों की मौत की आशंका थी, जबकि केजीएमयू के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमीय अग्रवाल ने 15 लोगों की मौत की पुष्टि की है।  स्थानीय प्रशासन ने मृतकों और घायलों की सूची जारी कर दी है. मृतकों में सागर, नीलेश, अनामिका, संयम, अनुछा, सुखमनी, आदित्य श्रीवास्तव, ज्योति, भविष्य, अब्दुल रहमान, सूरज भाह , भाहजान, जयनिल चक्रवर्ती, मोहम्मद अम्मार और सुमल्या हैं. जबकि घायलों में जयंत, लवप्रीत, मोहम्मद आसिफ, भुवन श्रीवास्तव, पंकज, शैलेन्द्र, अभिषेक, पंकज जोशी और गौरव कुमार शामिल हैं।
इस बीच प्रधानमंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़ दिया और तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए। अलीगढ़ में उन्होंने कहा कि लखनऊ में हुए इस दुखद अग्निकांड में कुछ बच्चों और लोगों की मौत की सूचना मिली है, जिसके कारण उन्हें तत्काल वापस लौटना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने केजीएमयू पहुंचकर भी घायलों का हालचाल जाना। पीएम मोदी के बाद मुख्यमंत्री योगी ने भी अलीगंज कोचिंग सेंटर आग की घटना में मृतकों के परिवारों को वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। राज्य सरकार पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देगी। घायलों को पचास हजार रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय ने दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी का दौरा किया। उन्होंने लखनऊ के एनिमेशन सेंटर में हुए अग्निकांड के घायलों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह को घटना की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हादसे की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

लखनऊ अग्निकांड पर राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने जताया दुख: 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने के हादसे में कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पोस्ट में लिखा कि लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने की दुखद घटना में कई लोगों की जान चली गई है, जो बेहद पीड़ादायक व हृदयविदारक है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। कांग्रेस पार्टी सभी शोकसंतप्त परिवारों एवं घायलों के साथ है। मैं दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं तथा घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं। सरकार व प्रशासन से अनुरोध है कि पीड़ितों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा व राहत प्रदान की जाए। बसपा मुखिया मायावती ने दुख जताते हुए 'एक्स' पोस्ट में लिखा कि यूपी की राजधानी लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में दोपहर बाद हुई अग्निकांड में अनेक लोगों की मौत और भी कई लोगों के घायल हो जाने की घटना अति-दुखद। इस प्रकार की जानलेवा घटनाएं दिल को दहलाने वाली होती हैं तथा कितने ही परिवार की उम्मीदों को बिखेर देती हैं। ऐसी दुखद घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी को मिलकर सही से काम करने की जरूरत है। सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप से काम नहीं चलेगा। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने दुख जताते हुए 'एक्स' पोस्ट में लिखा कि लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे। ये एक बेहद दुखद घटना है। इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जांच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए। 
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी
ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा कि लखनऊ में हुई आगजनी की घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद एवं व्यथित करने वाला है। इस हृदयविदारक दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा कि लखनऊ में हुए दुःखद अग्निकांड में लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें। घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि लखनऊ के अलीगंज में आग लगने से हुई जनहानि का समाचार हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि लखनऊ में हुई अग्नि दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। इस दुखद घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें, शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें और सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने