महापौर सुनीता दयाल ने सड़क सौंदर्यीकरण एवं डिवाइडर निर्माण कार्य का किया शुभारंभ, पार्षद रवि भाटी ने जताया आभार
गाजियाबाद। नगर निगम क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महापौर सुनीता दयाल ने वार्ड-37 स्थित 80 फुटा रोड पर छत्रपति शिवाजी चौक से श्मशान घाट तक कच्ची पटरी पर इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं सड़क के मध्य डिवाइडर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस विकास कार्य से क्षेत्र के हजारों नागरिकों को लाभ मिलेगा। इस अवसर पर महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम गाजियाबाद शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न विकास परियोजनाओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा इस मार्ग के सुधार की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य से आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित होगा।
वार्ड-37 के पार्षद रवि भाटी ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत 80 फुटा रोड के दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़ी पटरी का निर्माण किया जाएगा, जहां इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाई जाएंगी। इसके अलावा सड़क के मध्य डिवाइडर का निर्माण भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद सड़क किनारे होने वाले अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा, यातायात व्यवस्था में सुधार होगा तथा क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी। इससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में सरदार सिंह भाटी, पप्पू पहलवान, कालीचरण पहलवान, शालू सिंह, अन्नू पाहवा, बबली चौहान, राम चरण प्रधान, प्रवीण, देवेंद्र, मुकेश यादव, धर्मपाल चौधरी, आर.डी. शर्मा, योगेश माथुर, सोमनाथ चौहान, विकास पंडित, वेद प्रकाश शर्मा, दीपक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Tags
गाजियाबाद