भाई की हत्या का बदला लेने के लिए किया चीनी का कत्ल: दो गिरफ्तार

लोनी इलाके में हुए चीनी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, अन्य की तलाश जारी


गाजियाबाद। 
लोनी में तस्लीम उर्फ चीनी हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि वारदात के पीछे डेढ़ साल पुरानी दुश्मनी थी। आरोपियों ने अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए तस्लीम को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
11 जून को तस्लीम की मौत के बाद उसके पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस साबिर और आमीन तक पहुंची। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, 10 जून की रात करीब 9:30 बजे फैसल तस्लीम को घर से बुलाकर ले गया था। आरोप है कि मजार के पास पहले से घात लगाए बैठे शेरुद्दीन, आयन, अमीर और उनके साथियों ने तस्लीम को घेर लिया। इसके बाद उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए गए। हमले में लहूलुहान तस्लीम सड़क पर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 
पूछताछ में साबिर ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसके भाई यूनुस की हत्या हुई थी। उस मामले में तस्लीम का नाम सामने आया था। तभी से दोनों पक्षों के बीच गहरी रंजिश चल रही थी। आरोपियों का कहना है कि तस्लीम सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर उन्हें धमकाता था और मुकदमे के गवाहों पर दबाव बनाने की कोशिश करता था। इसी को लेकर उसके खिलाफ बदला लेने की योजना बनाई गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार साबिर मूल रूप से एटा का रहने वाला है और फिलहाल लोनी के अशोक विहार में रह रहा था। जबकि आमीन अशोक विहार की जैन कॉलोनी का निवासी है। तस्लीम के पिता ने फैसल, शेरुद्दीन, आयन और अमीर समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने