ऑपरेशन क्लीन के तहत विशेष सत्यापन अभियान में अपराधियों की हुई जांच
गाजियाबाद। कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "ऑपरेशन क्लीन" अभियान के तहत शनिवार को थाना लोनी क्षेत्र में विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अपराधियों एवं हिस्ट्रीशीटरों का व्यापक सत्यापन कर उनकी गतिविधियों की समीक्षा की गई।यह अभियान पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड के निर्देश पर संचालित किया गया। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) केशव कुमार चौधरी तथा पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी द्वारा की गई। क्षेत्रीय पुलिस टीमों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान पुलिस ने यक्ष ऐप पर पंजीकृत अपराधियों का भौतिक सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान उनके वर्तमान निवास, रोजगार, सामाजिक गतिविधियों एवं दैनिक दिनचर्या से संबंधित जानकारी एकत्रित की गई, ताकि उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान में कुल 978 अपराधियों का सत्यापन किया गया। वहीं ऑपरेशन क्लीन के तहत अब तक थाना लोनी क्षेत्र में कुल 2,049 अपराधियों का भौतिक सत्यापन पूरा किया जा चुका है। अभियान के दौरान लूट, हत्या, स्नैचिंग एवं अन्य गंभीर अपराधों में शामिल रहे व्यक्तियों की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों ने ऐसे व्यक्तियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सत्यापन के दौरान सभी चिन्हित अपराधियों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन क्लीन के तहत इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत करना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
Tags
गाजियाबाद