शादी से पहले करोड़पति बनने की चाह में की करोड़ों की चोरी, दो किलो सोना और नकदी बरामद
गाजियाबाद। आरडीसी स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में 12 जून को हुई करोड़ों रुपये के सोने के आभूषणों की चोरी का स्वाट टीम और कविनगर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में शोरूम कर्मचारी नितिन वर्मा, उसके पिता संजय वर्मा तथा गर्लफ्रेंड काजल वर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब दो किलोग्राम सोने के आभूषण, 6.5 लाख रुपये नकद, एक अवैध 12 बोर तमंचा और छह कारतूस बरामद किए गए हैं।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि चोरी में लगभग 4.30 किलोग्राम सोने के आभूषण शामिल थे। जांच में सामने आया है कि शोरूम कर्मचारी नितिन वर्मा ने अपने साथी चितरंजन उर्फ चिंटू के साथ मिलकर पूरी वारदात की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, घटना से एक दिन पहले 11 जून को नितिन ने अपनी शादी तय होने की खुशी में शोरूम के कर्मचारियों को पार्टी दी थी। पार्टी के दौरान कर्मचारियों को शराब पिलाई गई। आरोप है कि शोरूम के अकाउंटेंट गौतम राज को अधिक शराब पिलाकर उसकी जेब से शोरूम की चाबी निकाल ली गई।
अगले दिन 12 जून की सुबह करीब सात बजे नितिन अपने साथी चितरंजन के साथ शोरूम पहुंचा। कर्मचारी होने के कारण किसी को उन पर संदेह नहीं हुआ। दोनों ने चाबी से शोरूम खोला और बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि चोरी के बाद आरोपियों ने आभूषणों और नकदी का आपस में बंटवारा कर लिया था। कुछ आभूषण मेरठ में बेच दिए गए, जबकि शेष जेवरात और नकदी विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखी गई थी। पुलिस के अनुसार, नितिन की गर्लफ्रेंड काजल वर्मा ने चोरी के आभूषणों को ठिकाने लगाने और उन्हें बेचने में अहम भूमिका निभाई।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर स्वाट टीम और कविनगर पुलिस ने साईं फाटक, अवंतिका क्षेत्र में छापेमारी कर नितिन वर्मा, संजय वर्मा और काजल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब फरार आरोपी चितरंजन उर्फ चिंटू की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और चोरी किए गए शेष आभूषणों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Tags
गाजियाबाद

