प्रताप विहार-सिद्धार्थ विहार में लाखों पौधे लगाने और फायर स्टेशन बनाने की मांग

आरडब्ल्यूए प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से की मुलाकात, मिला आश्वासन


गाजियाबाद।
प्रताप विहार सेक्टर-11 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ से मुलाकात कर प्रताप विहार एवं सिद्धार्थ विहार क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भविष्य में सिद्धार्थ विहार में बड़ी संख्या में हाईराइज सोसायटियों का निर्माण होने तथा आबादी बढ़ने से पर्यावरण पर दबाव बढ़ेगा। ऐसे में अभी से लाखों की संख्या में पौधारोपण कर हरित क्षेत्र विकसित करना आवश्यक है।
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित जनता दरबार के दौरान विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित भी किया। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सिद्धार्थ विहार क्षेत्र में फायर स्टेशन स्थापित किए जाने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि तेजी से विकसित हो रहे इस क्षेत्र में भविष्य की आवश्यकताओं और आपात स्थितियों को देखते हुए अग्निशमन केंद्र की स्थापना बेहद जरूरी है।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर सकारात्मक विचार करने तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर आरडब्ल्यूए के संयोजक ठाकुर राकेश सिंह चौहान, संरक्षक सलेक चंद शर्मा, कोषाध्यक्ष एल.बी. सिंह, संरक्षक सुंदर लाल भाटी, वार्ड-55 के पार्षद संतोष सिंह राणा तथा एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पत्रकार तेजस चौहान उपस्थित रहे। इनके अलावा एफ-ब्लॉक की संयोजक एवं भाजपा मंडल मंत्री हेमा नेगी, सदस्य दीप्ति चौहान सनातनी, संयोजक एवं भाजपा नेता राजीव चौहान तथा सदस्य राकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने