फायर एनओसी के बिना चल रहा था संचालन, ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल से था बड़े हादसे का खतरा
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने संजय नगर स्थित एक अवैध वेयरहाउस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के चलते गोदाम को सील कर दिया। संबंधित परिसर में जेप्टो प्राइवेट लिमिटेड द्वारा वेयरहाउस संचालित किया जा रहा था।
जीडीए के प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने सेक्टर-23, संजय नगर के एल ब्लॉक क्षेत्र में यह कार्रवाई की। प्राधिकरण के अनुसार करीब 549 वर्गमीटर क्षेत्रफल में शैलेन्द्र कुमार द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र एवं आवश्यक अनुमति के वेयरहाउस का निर्माण कराया गया था, जहां जेप्टो कंपनी का संचालन किया जा रहा था। प्राधिकरण को मिली शिकायतों के बाद की गई जांच में निर्माण और संचालन पूरी तरह नियमों के विपरीत पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माण रोकने तथा संचालन बंद करने के लिए पहले भी नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संबंधित पक्ष द्वारा आवश्यक अनुपालन नहीं किया गया।
विशेष कार्याधिकारी राजीव रतन सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन जीडीए की प्रवर्तन टीम और पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई पूरी कराई। ध्वस्तीकरण के बाद वेयरहाउस को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अनुज कुमार, सचिन अग्रवाल सहित प्राधिकरण की टीम और पुलिस बल मौजूद रहा।
Tags
गाजियाबाद