परिजनों और स्थानीय लोगों ने किया हंगामा, पुलिस ने समझाकर कराया शांत
गाजियाबाद। थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मंगलवार को जब पोस्टमार्टम के उपरांत शव घर पहुंचा तो परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। करीब तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, मृतक भागमल (40) पुत्र शैतान सिंह, ए-ब्लॉक छावड़ा कॉलोनी, थाना शालीमार गार्डन में किराये के मकान में अपनी पत्नी आशा और पांच बच्चों के साथ रहता था। वह पास की एक दुकान पर पत्थर ढोने का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि सोमवार रात करीब 12 बजे करन गेट चौकी क्षेत्र में वह रिक्शे से सामान एक बिल्डिंग में पहुंचा रहा था। इसी दौरान दिल्ली-वजीराबाद रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल उसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और तीन बेटे हैं। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय पार्षद रवि भाटी और अशोक भाटी भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद थाना प्रभारी अवधेश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। हंगामा लगभग तीन घंटे तक चला। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक के मालिक ने तत्काल सहायता के रूप में 50 हजार रुपये देने तथा परिवार के भरण-पोषण के लिए प्रतिमाह 18 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का आश्वासन दिया है।
थाना प्रभारी अवधेश त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
Tags
गाजियाबाद