खोड़ा में मिलावटी अचार की फैक्ट्रियों पर छापा, 30 क्विंटल अचार नष्ट
गाजियाबाद। गाजियाबाद जिला प्रशासन द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने खोड़ा नगर पालिका क्षेत्र में संचालित दो अवैध अचार फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है। निरीक्षण के दौरान भारी मात्रा में सड़ा-गला और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त अचार मिलने पर लगभग 30 क्विंटल अचार नष्ट कराया गया। साथ ही छह नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र तिवारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को खोड़ा क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पाया गया कि अचार अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार और संग्रहित किया जा रहा था। कई ड्रमों में रखा अचार दुर्गंधयुक्त और खराब अवस्था में मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, खोड़ा स्थित शनि बाजार में पवन सिंह के प्रतिष्ठान पर निरीक्षण के दौरान 20 ड्रमों में लगभग 1,000 किलोग्राम आम और नींबू का अचार सड़ी-गली अवस्था में पाया गया। टीम ने तत्काल इसे नष्ट कराने की कार्रवाई की। इसके अलावा 180 किलोग्राम मिक्स अचार और 8,800 किलोग्राम नमक जब्त किया गया। यहां से मिक्स अचार, मसालेदार अचार और नमक के तीन नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
इसी प्रकार मास्टर पार्क स्थित "राहुल अचार वाले" नामक प्रतिष्ठान पर भी छापा मारा गया। यह प्रतिष्ठान जसबीर सिंह द्वारा संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान 10 ड्रमों में रखा करीब 2,000 किलोग्राम नींबू का अचार तथा 400 किलोग्राम मिक्स अचार दुर्गंधयुक्त और अस्वच्छ परिस्थितियों में पाया गया। खाद्य विभाग ने पूरी सामग्री जब्त कर नष्ट करा दी तथा तीन नमूने जांच के लिए भेजे। जांच में यह भी सामने आया कि प्रतिष्ठान में पशुओं के तबेले के बीच अचार तैयार और भंडारित किया जा रहा था। बताया गया है कि प्रतिष्ठान संचालक जसबीर सिंह दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक (दरोगा) हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र तिवारी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्हें सूचना मिली थी कि खोड़ा क्षेत्र में तबेले जैसी अस्वच्छ जगहों पर अचार तैयार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में करीब 30 क्विंटल अचार मानव उपयोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया, जिसे नष्ट करा दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है।
Tags
गाजियाबाद