रद्द हो चुकी एओडब्ल्यूए के नाम पर धन संग्रह जैसी गतिविधियों का आरोप

वास्तविक आवंटियों ने पारदर्शी जांच और कार्रवाई की मांग की

नोएडा। सेक्टर-73 स्थित एंथूरियम बिजनेस पार्क के वास्तविक आवंटियों एवं यूनिट धारकों ने रद्द हो चुकी एंथूरियम ऑफिस अलॉटीज वेलफेयर एसोसिएशन (एओडब्ल्यूए) के नाम पर कथित रूप से संचालित की जा रही गतिविधियों को लेकर गंभीर आपत्ति जताई है। आवंटियों ने संबंधित अधिकारियों एवं प्रबंधन को पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की है।
आवंटियों का कहना है कि एंथूरियम ऑफिस अलॉटीज वेलफेयर एसोसिएशन (एओडब्ल्यूए) का पंजीकरण सक्षम प्राधिकारी द्वारा पूर्व में निरस्त किया जा चुका है। ऐसे में संस्था की कानूनी मान्यता समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद कुछ लोग स्वयं को हितधारकों का प्रतिनिधि बताते हुए विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रहे हैं, जिससे वास्तविक आवंटियों के हित प्रभावित हो रहे हैं। आवंटियों के अनुसार, कुछ व्यक्तियों द्वारा सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों पर कथित रूप से भ्रामक और तथ्यहीन आरोपों के आधार पर अभियान चलाया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे एंथूरियम बिजनेस पार्क की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है तथा निवेशकों, व्यवसाय संचालकों और यूनिट धारकों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि रद्द हो चुकी संस्था के नाम पर नए सदस्य बनाए जाने तथा सदस्यता शुल्क अथवा अन्य अंशदान के रूप में धनराशि एकत्रित किए जाने संबंधी शिकायतें भी सामने आई हैं। आवंटियों का कहना है कि यदि संस्था की कानूनी मान्यता समाप्त हो चुकी है, तो उसके नाम पर किसी भी प्रकार की गतिविधि अथवा धन संग्रह की स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए।
वास्तविक आवंटियों ने प्रशासन और संबंधित प्राधिकरणों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी गैर-मान्यता प्राप्त अथवा निरस्त संस्था के नाम पर गतिविधियां संचालित न हों। उनका कहना है कि इससे न केवल वास्तविक हितधारकों के अधिकारों की रक्षा होगी, बल्कि परियोजना से जुड़े निवेशकों, उद्यमियों और व्यवसाय संचालकों का विश्वास भी कायम रहेगा। आवंटियों ने उम्मीद जताई है कि संबंधित अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय करेंगे, जिससे एंथूरियम बिजनेस पार्क में पारदर्शिता, विश्वास और सकारात्मक माहौल को बढ़ावा मिल सके।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने