दिल्ली पुलिस की नई पहल: थाने बनेंगे जन समस्याओं के समाधान केंद्र

दिल्ली पुलिस ने शुरू की साप्ताहिक जन सुनवाई व्यवस्था: सभी थानों में हर शनिवार होगी जन सुनवाई, वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे मौजूद


नई दिल्ली।
राजधानी दिल्ली में आम जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। उप-राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों के बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने सभी जिलों और थानों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब राजधानी के प्रत्येक थाने में हर शनिवार 'थाना दिवस-जन सुनवाई' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जन सुनवाई कार्यक्रम प्रत्येक शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। यह व्यवस्था आगामी सप्ताह से लागू की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान नागरिक अपनी शिकायतें, सुझाव, स्थानीय समस्याएं और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी होगी अनिवार्य: दिल्ली पुलिस ने इस पहल को प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी है। स्पेशल सीपी, जॉइंट सीपी, एडिशनल सीपी, डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी रोटेशन के आधार पर जन सुनवाई में भाग लेंगे। इसका उद्देश्य शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना और जनता की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करना है। 
हर शिकायत होगी दर्ज और समयबद्ध कार्रवाई होगी:
जन सुनवाई में आने वाली प्रत्येक शिकायत को सुना जाएगा, चाहे वह पहले से इंटीग्रेटेड कंप्लेंट मैनेजमेंट सिस्टम (ICMS) में दर्ज हो या नहीं। मौके पर प्राप्त शिकायतों को बाद में पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। जिन मामलों में जांच या फील्ड सत्यापन की आवश्यकता होगी, उन्हें तत्काल संबंधित अधिकारियों को सौंपकर निर्धारित समय सीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। एसीपी और डीसीपी स्तर पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
थानों में नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर: थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जन सुनवाई के दौरान फरियादियों के बैठने, सहायता डेस्क और सौहार्दपूर्ण वातावरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
व्यापक प्रचार और सख्त मॉनिटरिंग व्यवस्था: इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला डीसीपी को सोशल मीडिया, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन और बीट स्टाफ के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मॉनिटरिंग सिस्टम भी बनाया गया है। प्रत्येक जिले को हर सोमवार विजिलेंस डिवीजन तथा संबंधित रेंज के एडिशनल/जॉइंट सीपी को रिपोर्ट भेजनी होगी, जिसमें प्राप्त शिकायतों, उनके निस्तारण और लंबित मामलों का पूरा विवरण शामिल रहेगा।
जनता और पुलिस के बीच भरोसा बढ़ाने की पहल: दिल्ली पुलिस का मानना है कि ‘थाना दिवस-जन सुनवाई’ कार्यक्रम से पुलिस और जनता के बीच संवाद बेहतर होगा, शिकायतों का तेजी से समाधान होगा तथा कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने