दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू, लाखों का सामान जलकर राख, बड़ा हादसा टला
गाजियाबाद। थाना टीला मोड़ क्षेत्र के सिकंदरपुर स्थित अशोक वाटिका, गरिमा गार्डन में बुधवार दोपहर एक अगरबत्ती निर्माण फैक्ट्री/गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर स्टेशन से दो अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार गली नंबर 2, अशोक वाटिका, प्लॉट नं-66, गरिमा गार्डन स्थित फर्नीचर एवं अगरबत्ती की पैकिंग की फैक्ट्री में मच्छर मारने वाली अगरबत्ती, कॉकरोच मारने के स्प्रे और सैनिटाइजर जैसे ज्वलनशील पदार्थों का निर्माण किया जाता है, जिसके कारण गोदाम में आग तेजी से फैल गई और उसे बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना के दौरान फैक्ट्री से उठते धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। घने धुएं के कारण आसपास के लोगों को सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। आग में फैक्ट्री में रखा फर्नीचर, अगरबत्ती का पैकिंग मटेरियल और तैयार एवं अधबना माल जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलने पर प्रभारी अधिकारी ने तत्काल मुख्य अग्निशमन अधिकारी को घटना से अवगत कराया। सिकंदरपुर की एक अन्य घटना से लौट रहे वैशाली फायर स्टेशन के फायर टेंडर और टीला मोड़ में ड्यूटी पर तैनात दमकल वाहन को भी तुरंत घटनास्थल पर बुलाया गया। फायर यूनिट ने चारों ओर से आग को घेरकर युद्धस्तर पर बुझाने का कार्य किया और कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
दमकल विभाग की तत्परता के चलते आग आसपास के मकानों तक नहीं पहुंच सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के समय फैक्ट्री/गोदाम मालिक तनवीर पुत्र अली हसन मौके पर मौजूद थे। आग लगने के बाद फैक्ट्री में मौजूद कुछ लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

Tags
गाजियाबाद