लूटकांड का आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

मुरादनगर में पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर हुई मुठभेड़, लुटेरे से ऑटो रिक्शा और कैश बरामद 


गाजियाबाद।
थाना मुरादनगर पुलिस ने बुधवार को एक मुठभेड़ के दौरान लूट की वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन, ऑटो रिक्शा और नकदी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से मेरठ की ओर उतरने वाले मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हाल ही में लूट की घटना को अंजाम देने वाला आरोपी अपने साथियों के साथ नवीपुर बंबा पेरिफेरल अंडरपास के पास किसी नई वारदात की फिराक में आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुहाई से नवीपुर बंबा पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे अंडरपास के नीचे घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद नवीपुर की ओर से एक ऑटो रिक्शा आता दिखाई दिया। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी से उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान ऑटो बंबे के पास फंस गया।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान करन (24 वर्ष) पुत्र सूरजपाल, निवासी गली नंबर-18, फेज-10, शिव विहार, थाना करावल नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। 
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों पुनित शर्मा, जतिन मित्तल और अनुराग गुप्ता के साथ मिलकर कुछ दिन पहले मेरठ मोड़ से एक व्यक्ति को ऑटो रिक्शा में बैठाया था। इसके बाद उससे दो मोबाइल फोन और 5,600 रुपये लूट लिए थे। वारदात के बाद पीड़ित को दुहाई पेरिफेरल के आगे सुनसान स्थान पर छोड़ दिया गया था। आरोपी ने बताया कि लूट की रकम चारों ने आपस में बांट ली थी। लूटे गए मोबाइल फोनों में से एक पुनित शर्मा को दे दिया गया था, जबकि दूसरा फोन उसने अपने पास रख लिया था। बरामद मोबाइल फोन और नकदी उसी लूटकांड से संबंधित हैं। पुलिस ने वह ऑटो रिक्शा भी बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन, एक ऑटो रिक्शा और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं।
मसूरी के सहायक पुलिस आयुक्त अजय कुमार ने बताया कि मुरादनगर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में लूट की घटना में शामिल एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसके फरार साथियों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने