आग पर फायर सर्विस ने समय रहते पाया काबू, स्थानीय लोगों ने दमकलकर्मियों की सराहना की
गाजियाबाद। राजनगर स्थित एक मकान में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, बुधवार सुबह 10:27 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को सूचना मिली कि राजनगर स्थित मकान संख्या 14/113 में आग लगी है। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में फायर स्टेशन कोतवाली से एक फायर टेंडर, कलेक्ट्रेट और स्वदेशी कंपाउंड से फायर टेंडर तथा एफक्यूआरवी (फर्स्ट क्विक रिस्पांस व्हीकल) को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग मकान के ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर फैली हुई थी। घने धुएं और अत्यधिक तापमान के बीच दमकल कर्मियों ने ब्रीदिंग अपरेटस (बीए) सेट पहनकर मकान के अंदर प्रवेश किया और दो दिशाओं से फायर फाइटिंग शुरू की। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त रूप से वॉटर ब्राउज़र भी मौके पर बुलाया गया।फायर सर्विस की टीम ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। साथ ही आसपास स्थित अन्य मकानों को भी सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के समय स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। मकान मालिक मुकेश कुमार गुप्ता भी घटनास्थल पर मौजूद थे। आग लगने की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने समय पर पहुंचकर आग बुझाने वाली फायर सर्विस टीम के कार्य की सराहना की।
Tags
गाजियाबाद