कार धुलाई सेंटर से टेस्ट ड्राइव के बहाने चुराई वरना कार

थाना टीलामोड़ पुलिस ने दो आरोपी और एक बाल अपचारी को दबोचा

गाजियाबाद।
टीलामोड़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक हुंडई वरना कार बरामद की है। 
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को पसौंडा निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपनी हुंडई वरना कार धुलाई के लिए एक सर्विस सेंटर पर दी थी। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति कार चोरी कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना टीलामोड़ में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।  जांच के दौरान 6 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हिंडन एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल रोड से दो युवकों और एक बाल अपचारी को चोरी की कार के साथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंश यादव (19 वर्ष) और प्रिंस (19 वर्ष), दोनों निवासी आरके पुरम, नई दिल्ली, के रूप में हुई है। 
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कार धुलाई सेंटर पर काम करते थे। उन्होंने टेस्ट ड्राइव के बहाने ग्राहक की कार लेकर फरार होने की योजना बनाई थी। आरोपी कार को बेचने के इरादे से जा रहे थे, लेकिन रास्ते में पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने