24 घंटे में पुलिस ने किया पर्दाफाश, पीड़ित का रिश्तेदार समेत तीन गिरफ्तार, 1.67 लाख रुपए बरामद
गाजियाबाद। मसूरी थाना पुलिस और ग्रामीण स्वाट टीम ने महज 24 घंटे के भीतर 2.25 लाख रुपये की लूट की वारदात का खुलासा करते हुए पीड़ित के रिश्तेदार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि लूट की पूरी साजिश पीड़ित के रिश्तेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 1 लाख 67 हजार रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि 5 जुलाई को रिजवान ने थाना मसूरी में लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। रिजवान के अनुसार, वह यूपीएसआईडीसी स्थित एक फैक्ट्री से अपने पार्टनर दानिश से 2 लाख 25 हजार रुपये लेकर लौट रहा था। इसी दौरान मसूरी अंडरपास के पास बाइक सवार बदमाशों ने उससे नकदी लूट ली।
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने नवेद, साहब और फुरकान को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका साथी शोएब अभी फरार है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी नवेद ने बताया कि वह शिकायतकर्ता रिजवान का रिश्तेदार है। रिजवान ने उसे फोन पर बताया था कि वह फैक्ट्री से 2.25 लाख रुपये लेकर लौट रहा है। इसी जानकारी के आधार पर नवेद ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।
योजना के तहत नवेद अपनी मोटरसाइकिल से रिजवान का पीछा कर रहा था, जबकि उसके साथी दूसरी बाइक से निगरानी कर रहे थे। मसूरी अंडरपास के पास चारों ने मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए नवेद ने खुद को भी पीड़ित दिखाने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर उसकी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी शोएब की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
गाजियाबाद

