सड़कें बनीं तालाब, जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त
गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र में हुई बारिश ने एक बार फिर नगरपालिका की तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। कुछ ही देर की बारिश के बाद कई इलाकों की सड़कें पानी से लबालब भर गईं, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। जगह-जगह जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि कई कारें और दोपहिया वाहन पानी में फंसकर बंद हो गए।बारिश के बाद लोनी की सड़कों पर ऐसा नजारा देखने को मिला, मानो सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हों। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सड़क पर घुटनों तक भरे पानी के बीच वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। कई स्थानों पर वाहन चालकों को अपनी गाड़ियां धक्का लगाकर निकालनी पड़ीं। जलभराव के कारण घंटों तक यातायात प्रभावित रहा और लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
इसी बीच कुछ बच्चों को सड़क पर भरे पानी में स्विमिंग पूल की तरह नहाते और मस्ती करते भी देखा गया। यह दृश्य जहां बच्चों के लिए मनोरंजन का कारण बना, वहीं नगर पालिका की जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल भी खड़े करता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान लोनी के कई इलाकों में यही स्थिति बन जाती है। उनका आरोप है कि नालों की समय पर सफाई नहीं होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण थोड़ी सी बारिश में भी सड़कें जलमग्न हो जाती हैं।
लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने, नालों की नियमित सफाई कराने और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Tags
गाजियाबाद
