लोनी में साले पर फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

पारिवारिक विवाद के चलते की थी हत्या के प्रयास की वारदात, एक आरोपी पर पहले से हत्या का मुकदमा दर्ज

गाजियाबाद।
थाना लोनी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक अवैध .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को राजेश नामक महिला ने थाना लोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उसके घर के बाहर उसके बेटे तुषार पर जानलेवा फायरिंग की। शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल के निरीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान विवेक पुत्र रामकृष्ण निवासी बलराज नगर, लोनी और नवनीत उर्फ मीनू पुत्र नानक चंद निवासी ग्राम टिमकिया, थाना जानी, मेरठ के रूप में की।
मुखबिर की सूचना पर रविवार 5 जुलाई को थाना लोनी पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा: पूछताछ में आरोपी विवेक ने बताया कि उसकी पत्नी से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी दौरान उसके साले तुषार ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया था, जिससे वह नाराज था। बदला लेने के लिए उसने अपने दोस्त नवनीत के साथ मिलकर 3 जुलाई की रात लोनी स्थित अपने ससुराल पहुंचकर तुषार की हत्या की नीयत से फायरिंग की। वहीं आरोपी नवनीत ने बताया कि वह वर्ष 2021 में मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। जेल में उसकी मुलाकात नावेद बिलौरी नामक आरोपी से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद उसने उसी के माध्यम से अवैध पिस्टल खरीदी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही नवनीत के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने