कम्पनी का पूर्व अकाउंटेंट है आरोपी, वेव सिटी पुलिस ने किया गिरफ्तार
गाजियाबाद। वेव सिटी थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने और कंपनी के निदेशकों को ब्लैकमेल करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 को मैसर्स एजेंसीज प्रा. लि. की ओर से अधिकृत प्रतिनिधि मनोज कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कंपनी के पूर्व कर्मचारी संजीव कुमार राय ने अपने साथियों के साथ मिलकर कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों के जरिए कंपनी की करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति को सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना दूसरे व्यक्ति को बेचने की साजिश रची गई। साथ ही कंपनी के निदेशकों से अवैध धन की मांग करते हुए उन्हें ब्लैकमेल करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
मामले की जांच के दौरान वेव सिटी पुलिस ने 4 जुलाई को चेकिंग और मुखबिर की सूचना के आधार पर बुलंदशहर मार्ग स्थित लालकुआं आंचौरा कट के पास से आरोपी संजीव कुमार राय (38) को गिरफ्तार कर लिया। वह वर्तमान में बालाजी एन्क्लेव, कविनगर, गाजियाबाद में रह रहा था, जबकि उसका मूल निवास बिहार के सारण जनपद के थाना एकमा क्षेत्र के ग्राम देईली में है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जयपुरिया सनराइज ग्रीन परियोजना में सहायक अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था और कंपनी के लेन-देन का हिसाब-किताब देखता था। इसी दौरान उसे एक प्लॉट से संबंधित बैंक की एनओसी मिली, जिसके बारे में उसे बताया गया कि यह फर्जी है और इसका इस्तेमाल कर अधिक धन कमाया जा सकता है। लालच में आकर उसने उक्त फर्जी बैंक एनओसी को व्हाट्सएप के माध्यम से प्लॉट खरीदार के परिचित को भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ इस मामले में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
गाजियाबाद
