दिल्ली के शास्त्री पार्क में तौहीद हत्याकांड का 18 घंटे में खुलासा, तीन गिरफ्तार

थप्पड़ का बदला लेने के लिए दोस्तों ने चाकू से गोदकर की थी तौहीद की हत्या

नई दिल्ली।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क स्थित डीडीए पार्क में 20 वर्षीय युवक की चाकू गोदकर हत्या के मामले का न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक थप्पड़ और पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने साजिश रचकर युवक की हत्या की थी।
डीडीए पार्क में मिला था युवक का शव: उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया कि 4 जुलाई की सुबह पुलिस को जेपीसी अस्पताल के पास स्थित डीडीए पार्क में एक युवक के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान न्यू सीलमपुर निवासी 20 वर्षीय तौहीद के रूप में हुई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस: 
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी (एसएचओ) इंस्पेक्टर के.एल. यादव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से पहले तौहीद का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शहनवाज (21), नूर हसन (20) और अनस (21) को गिरफ्तार कर लिया।
थप्पड़ का बदला लेने के लिए रची हत्या की साजिश: पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि कुछ समय पहले तौहीद ने नूर हसन को थप्पड़ मार दिया था और शहनवाज को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। इसी अपमान का बदला लेने के लिए तीनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने तौहीद को बहाने से डीडीए पार्क बुलाया और वहां चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद, आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस: 
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी शहनवाज पहले भी लूट के एक मामले में शामिल रह चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, वारदात की पृष्ठभूमि और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने