कांवड़ ड्यूटी और प्रशिक्षण पर विस्तार से चर्चा की गई
गाजियाबाद। सिविल डिफेंस हिंडन, साहिबाबाद प्रखंड की वार्डन पोस्ट-4 एवं वार्डन पोस्ट-6 की संयुक्त मासिक बैठक शनिवार को सेक्टर-9, वैशाली स्थित शर्मा इलेक्ट्रिकल कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डिप्टी डिवीजनल वार्डन अशोक कुमार ने की। इस दौरान सिविल डिफेंस के कार्यों, नए वार्डनों की भर्ती, प्रशिक्षण तथा आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में स्टाफ ऑफिसर टू डिवीजनल वार्डन रमन सक्सेना ने नए वार्डनों की भर्ती प्रक्रिया और प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी सदस्यों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। वहीं, आईसीओ विनोद कुमार शर्मा और एम.पी. रेड्डी ने आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान मोहन नगर चौराहे पर शांति व्यवस्था, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सिविल डिफेंस वार्डनों की तैनाती के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर सेक्टर वार्डन प्रमोद बघेल, डिप्टी पोस्ट वार्डन (आरक्षित) दीपक तोमर, प्रदीप शर्मा, विनोद कुमार, शकील अहमद, संतोष नामदेव, वरुण गोयल, अनुराग तोमर, बल्लभ पालीवाल सहित बड़ी संख्या में सिविल डिफेंस वार्डन उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर सभी सदस्यों ने अपने सुझाव भी साझा किए।
Tags
गाजियाबाद