रोड रेज के बाद अगवाकर जैद की हत्या की थी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कार में बाइक टकराने से भड़के आरोपी ने जैद को अपने प्रॉपर्टी ऑफिस में बंद कर बेहरमी से पीटा था, दूसरे आरोपी की तलाश जारी

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने रोड रेज के विवाद में मोहम्मद जैद उर्फ शारिक की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल मावी उर्फ पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे हिरासत में लिया गया। वहीं, उसका साथी अनुज कसाना अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी तलाश जारी है। जैद की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। मृतक के परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 29 जून 2026 को वादी शादाब पुत्र शौकत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई मोहम्मद जैद उर्फ शारिक की बाइक की एक कार से टक्कर हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद कार सवार राहुल मावी उर्फ पहलवान और उसके साथी जैद को अपने प्रॉपर्टी ऑफिस ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल जैद की उपचार के दौरान मौत हो गई। 
शिकायत के आधार पर थाना लोनी बॉर्डर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल मावी उर्फ पहलवान (25 वर्ष) निवासी ग्राम टीला शाहबाजपुर, थाना लोनी बॉर्डर को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अनुज कसाना निवासी ग्राम शकलपुर का नाम भी प्रकाश में आया है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि बाइक की उनकी बलेनो कार से टक्कर होने के बाद वह जैद और उसके साथियों को अपने मनीष प्रॉपर्टीज कार्यालय ले गया। वहां कार के नुकसान की भरपाई की मांग को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि मुआवजा देने से इनकार करने पर जैद के साथ मारपीट की गई, जिससे वह बेहोश हो गया। बाद में उसके साथी उसे वहां से ले गए और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अन्य संबंधित धाराएं भी बढ़ा दी हैं। मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने