नोएडा में 'फ्रेंडशिप क्लब' की आड़ में लूट का खेल खत्म, तीन महिलाओं समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

फॉर्च्यूनर लूट और UPI से 1.80 लाख उड़ाने वाला गैंग पुलिस के हत्थे चढ़ा

नोएडा।
ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब के नाम पर लोगों को दोस्ती का झांसा देकर सुनसान जगहों पर बुलाकर लूटपाट करने वाले एक संगठित गिरोह का नोएडा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई फॉर्च्यूनर कार, वारदात में इस्तेमाल की गई दो कारें और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
एडिशनल डीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि शनिवार को मुखबिर की सूचना पर सेक्टर-54 स्थित खेलगांव पार्क के पास घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान फिरोजाबाद निवासी ओमवीर यादव, प्रियंका यादव, मैनपुरी निवासी मंजेश यादव, काजल उर्फ रिया यादव तथा औरैया निवासी निधि यादव के रूप में हुई है।
फर्जी फ्रेंडशिप क्लब बनाकर फंसाते थे शिकार:
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एक फर्जी ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब बना रखा था। गिरोह सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से लोगों के मोबाइल नंबर हासिल कर उनसे दोस्ती करता था। भरोसा जीतने के बाद पीड़ित को दिल्ली, नोएडा या एनसीआर के किसी सुनसान स्थान पर मिलने के लिए बुलाया जाता था। गिरोह की महिला सदस्य पहले पीड़ित के साथ कार में बैठकर बातचीत करती थी। इसी दौरान गिरोह के अन्य सदस्य दूसरी कार से मौके पर पहुंच जाते थे और मारपीट कर नकदी, मोबाइल फोन, वाहन तथा अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे।
1.80 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लूटी थी फॉर्च्यूनर: ओमवीर यादव ने पूछताछ में खुलासा किया कि 30 जून की रात सेक्टर-54 स्थित एक पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति को इसी तरह जाल में फंसाया गया था। महिला ने पहले दोस्ती का नाटक कर पीड़ित की फॉर्च्यूनर कार में बैठकर बातचीत की। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य वहां पहुंचे और मारपीट कर मोबाइल का लॉक खुलवाया। आरोपियों ने पीड़ित के बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से करीब 1.80 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसका पर्स, कार की चाबी और फॉर्च्यूनर कार लूटकर फरार हो गए।
दो कारों से देते थे वारदात को अंजाम: पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान गिरोह दो कारों का इस्तेमाल करता था। एक कार में महिला और कुछ साथी पीड़ित के साथ रहते थे, जबकि दूसरी कार कुछ दूरी पर खड़ी रहती थी। घटना के बाद दोनों वाहन अलग-अलग रास्तों से निकल जाते थे, ताकि पुलिस उनकी गतिविधियों का पता न लगा सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई फॉर्च्यूनर कार, वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट और ऑरा कार के अलावा एक अवैध चाकू भी बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने नोएडा, दिल्ली और एनसीआर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने