गाजियाबाद: कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन की बड़ी तैयारी, हर विभाग को सौंपी गई जिम्मेदारी

दूधेश्वरनाथ मंदिर में हाई लेवल बैठक, कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर डीएम और पुलिस ने कसी कमर 

गाजियाबाद।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा और सिद्धपीठ दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर में होने वाले जलाभिषेक को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को सिद्धपीठ दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ और एडिशनल पुलिस आयुक्त राज करन नय्यर ने की।
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में दूधेश्वरनाथ मंदिर के महंत नारायण गिरि, विधायक संजीव शर्मा, डीसीपी सिटी सहित नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत, लोक निर्माण विभाग (PWD), सिविल डिफेंस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। 
नगर निगम को विशेष सफाई अभियान के निर्देश:
नगर निगम को कांवड़ मार्ग, शिव मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने, नियमित कूड़ा उठाने, नालियों की सफाई, फॉगिंग तथा एंटी-लार्वा छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए। 
पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर: पेयजल विभाग को कांवड़ मार्ग और प्रमुख विश्राम स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी जल केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को कांवड़ मार्ग और प्रमुख मंदिरों के आसपास चिकित्सा शिविर लगाने, डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। 
बिजली और सड़कों की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश:
विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने, स्ट्रीट लाइट, ट्रांसफार्मर और बिजली लाइनों की जांच कर आवश्यक मरम्मत समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, लोक निर्माण विभाग (PWD) को कांवड़ मार्ग के गड्ढे भरने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, बैरिकेडिंग, दिशा-सूचक बोर्ड लगाने तथा प्रमुख स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था, सार्वजनिक एवं मोबाइल शौचालय और विश्राम स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। 
ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी हाईटेक: यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और डायवर्जन प्लान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। भीड़ प्रबंधन के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही पुलिस, प्रशासन और सिविल डिफेंस की संयुक्त टीमें पूरे कांवड़ मार्ग पर तैनात रहेंगी। 
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने और लगातार स्थलीय निरीक्षण कर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य श्रावण मास के सभी धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने