गाजियाबाद। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने सील किए गए स्कूलों, कोचिंग संस्थानों, प्ले-स्कूलों और डे-केयर केंद्रों को अस्थायी रूप से डी-सील (खोलने) का निर्णय लिया है। हालांकि यह राहत केवल दो महीने के लिए होगी और इस दौरान सभी संस्थानों को भवन सुरक्षा तथा अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा।
बुधवार को जीडीए सभागार में सचिव विवेक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में सील किए गए संस्थानों के प्रबंधकों और संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी प्रवर्तन अधिकारी, प्रभारी मुख्य अभियंता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने संस्थानों को अग्नि सुरक्षा मानकों, फायर एनओसी (NOC) और सुरक्षा संबंधी आवश्यक नियमों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों का पालन हर हाल में करना होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में उपस्थित सभी स्कूल, कोचिंग, प्ले-स्कूल और डे-केयर संचालकों ने निर्धारित शर्तों का पालन करने पर सहमति जताई। जीडीए ने स्पष्ट किया कि संबंधित संस्थानों से शपथ-पत्र (एफिडेविट) प्राप्त होने के बाद ही उनके परिसरों को अस्थायी रूप से डी-सील किया जाएगा। प्राधिकरण ने कहा है कि शपथ-पत्र प्राप्त होने के बाद संबंधित परिसरों को अस्थायी रूप से डी-सील किया जाएगा, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो. हालांकि, यदि तय अवधि के भीतर किसी संस्थान ने शर्तों का पालन नहीं किया तो उसके खिलाफ दोबारा सीलिंग सहित सख्त प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वसुंधरा में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई जारी: उधर, वसुंधरा योजना में आवासीय भवनों में अवैध रूप से संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ आवास विकास परिषद की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को निर्माण खंड-1 की टीम ने सेक्टर-15 और सेक्टर-16 में सात परिसरों को सील कर दिया। इग्जीक्यूटिव इंजीनियर निखिल महेश्वरी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान कोचिंग संस्थान, प्ले-स्कूल और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वाले परिसरों को सील किया गया। अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में वसुंधरा योजना में कुल 19 परिसरों को सील किया जा चुका है। प्राधिकरण का कहना है कि आवासीय क्षेत्रों में नियमों के विरुद्ध संचालित व्यावसायिक गतिविधियों पर आगे भी अभियान जारी रहेगा, जबकि सुरक्षा मानकों को पूरा करने वाले शैक्षणिक संस्थानों को नियमानुसार राहत दी जाएगी।
Tags
गाजियाबाद