लोनी में पहले यूपीसीडा और अब पीडब्ल्यूडी की जमीन से हटाया अतिक्रमण
गाजियाबाद। जिले में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत शनिवार को प्रशासन ने छह दिन के भीतर दूसरी अवैध मजार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। लोनी क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की जमीन पर बनी इस मजार को प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हटाया।शनिवार दोपहर करीब तीन बजे जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए करीब 300 पुलिसकर्मियों, दो प्लाटून पीएसी समेत लगभग 400 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई। पूरे इलाके में पुलिस ने पैदल मार्च किया, जबकि ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी गई।
कार्रवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी, एसडीएम लोनी, पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका और अन्य प्रशासनिक विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि थाना लोनी क्षेत्र में स्थित यह मजार पीडब्ल्यूडी की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई थी। पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका के संयुक्त निर्णय के बाद इसे हटाने की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि पूरे अभियान के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक सड़कों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की कि वे सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण न करें और कानून का पालन करें।
छह दिन पहले ट्रोनिका सिटी में भी हुई थी कार्रवाई: इससे पहले गत रविवार को भी प्रशासन ने ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बनी एक अवैध मजार को चार जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त किया था। प्रशासन के अनुसार, संबंधित मजार पर दिसंबर 2025 में यूपीसीडा अधिकारियों द्वारा नोटिस भी चस्पा किया गया था। उस कार्रवाई के दौरान भी अपर जिलाधिकारी, पुलिस उपायुक्त ग्रामीण तथा भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा था। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Tags
गाजियाबाद

