47वीं वाहिनी पीएसी में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत 1290 पौधों का रोपण

प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया


गाजियाबाद।
पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण के संवर्धन और स्वच्छ परिसर के उद्देश्य से 47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद में रविवार को 'एक पेड़ माँ के नाम' थीम के तहत महा वृक्षारोपण अभियान-2026 एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान वाहिनी परिसर में 1,290 पौधे लगाए गए और प्लास्टिक मुक्त परिसर का संदेश दिया गया। यह कार्यक्रम 41वीं/47वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक डॉ. दिनेश यादव (आईपीएस) के निर्देशन तथा उपसेनानायक बी.एस. वीर कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
अभियान के दौरान वाहिनी परिसर के विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों, जवानों और उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया। इसके साथ ही प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान परिसर में फैले प्लास्टिक कचरे और अन्य अनुपयोगी प्लास्टिक सामग्री को एकत्र कर उसके सुरक्षित एवं वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था की गई। अभियान के माध्यम से परिसर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और जवानों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। साथ ही एकल-उपयोग (सिंगल यूज़) प्लास्टिक के उपयोग को न्यूनतम रखने का भी संकल्प दोहराया।
अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। जनसहभागिता से ही स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भविष्य का निर्माण संभव है। इस अवसर पर सहायक सेनानायक मुकेश कुमार त्यागी, सैन्य सहायक गोपाल सिंह, शिविरपाल जयेंद्र कुमार गंगवार, सूबेदार सैन्य सहायक मोमराज सिंह, सहायक शिविरपाल राजपाल सिंह सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने