नोएडा में दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल बरामद

नोएडा सेक्टर-49 थाना पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश: राह चलते लोगों को बेचते थे चोरी के दुपहिया

नोएडा।
सेक्टर-49 थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नोएडा और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में रेकी कर दोपहिया वाहन चोरी करते थे और बाद में उन्हें बिना वैध दस्तावेजों के राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से बिजली घर, सेक्टर-50 के पास अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलिन्दर पुत्र संतकुमार और विवेक पुत्र संजय के रूप में हुई है। उनकी निशानदेही और कब्जे से चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस कार्रवाई की शुरुआत 5 जुलाई को दर्ज हुई एक वाहन चोरी की शिकायत से हुई। सेक्टर-50 निवासी एक व्यक्ति ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना थाना सेक्टर-49 में दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और बीट पुलिसिंग की सहायता से आरोपियों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिलों में कई वाहन नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे, जिनके संबंध में पहले से एफआईआर दर्ज हैं। अन्य बरामद वाहनों के संबंध में भी जांच जारी है और उनके वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे पहले सुनसान स्थानों और पार्किंग क्षेत्रों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर छिपा देते थे। बाद में ग्राहक मिलने पर इन वाहनों को बिना किसी वैध दस्तावेज के कम कीमत पर बेच देते थे। पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपियों का संबंध वाहन चोरी के किसी बड़े नेटवर्क से भी हो सकता है। इस एंगल पर भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी बलिन्दर (23 वर्ष) मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले के गोपालगंज गांव का निवासी है और वर्तमान में ग्राम होशियारपुर, थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में रह रहा था। उसके खिलाफ पहले थाना सेक्टर-39 में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। दूसरा आरोपी विवेक (19 वर्ष) ग्राम होशियारपुर, सेक्टर-51 नोएडा का निवासी है। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-24 में आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। वर्तमान मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-49 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। 
नोएडा पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वाहन सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने अब तक कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है और इस गिरोह में उनके अन्य साथी कौन हैं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने