चोरी की स्कूटी, तमंचा और चाकू बरामद
गाजियाबाद। थाना शालीमार गार्डन पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। पकड़े गए दोनों चोर हर्ष विहार दिल्ली के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर सुमित उर्फ भूरा (24 वर्ष) निवासी प्रताप नगर, थाना हर्ष विहार, दिल्ली तथा पंकज (27 वर्ष) निवासी प्रताप नगर, थाना हर्ष विहार, दिल्ली को गंदे नाले के पास, शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 से गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी पंकज ने बताया कि बरामद स्कूटी उसे उसके दोस्त गौतम ने दी थी। जांच में पता चला कि स्कूटी की चोरी के संबंध में दिल्ली के जीटीबी एन्क्लेव थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे सुनसान स्थानों पर राहगीरों को तमंचा और चाकू दिखाकर उनसे नकदी व मोबाइल फोन लूटने की फिराक में रहते थे। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने से पहले ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर में चोरी और चोरी का माल बरामद होने से संबंधित पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। इनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
Tags
गाजियाबाद