दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू, बड़ा नुकसान होने से बचा
गाजियाबाद। प्रताप नगर स्थित पुलिस लाइन के पास एक मकान में बुधवार को गैस सिलेंडर से आग लगने की घटना में 80 वर्षीय महिला आंशिक रूप से झुलस गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, बुधवार सुबह 11:33 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को सूचना मिली कि प्रताप नगर, पुलिस लाइन के निकट स्थित एक मकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी कोतवाली के नेतृत्व में एक फायर टेंडर, कलेक्ट्रेट पर तैनात फायर टेंडर तथा एफक्यूआरवी (फर्स्ट क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल) को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बने एक कमरे में गैस सिलेंडर से आग लगी हुई थी। फायर सर्विस कर्मियों ने तुरंत हौज पाइप और होजरील की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
घटना में मकान में मौजूद श्रीमती विमला देवी (लगभग 80 वर्ष) आंशिक रूप से झुलस गईं। स्थानीय पुलिस ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को अन्य कमरों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान और संभावित जनहानि टल गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद
