दिल्ली में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के 51 रोल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के रानीबाग इलाके में पीएफए ने कराई छापेमारी, मिली सफलता  

नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित प्लास्टिक नायलॉन मांझे के 51 रोल बरामद किए हैं। मामला रानी बाग थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, पीपुल फाॅर एनीमल (पीएफए) के पशु कल्याण अधिकारी गौरव गुप्ता को सूचना मिली थी कि पवन नामक व्यक्ति बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर उन्होंने नकली ग्राहक बनकर आरोपी से संपर्क किया। आरोपी ने बड़ी मात्रा में मांझा उपलब्ध कराने की बात कही और 5 अगस्त की रात मधुबन चौक पर मिलने के लिए बुलाया। 
सूचना के आधार पर गौरव गुप्ता अपनी टीम के साथ मधुबन चौक पहुंचे। आरोपी ने उन्हें स्वर्ण अपार्टमेंट, मधुबन चौक के पास बुलाया। कुछ देर बाद एक टैक्सी नंबर HR-55-AF-7216 वहां पहुंची, जिसमें मौजूद व्यक्ति ने बताया कि वह मांझा लेकर आया है। जांच करने पर टैक्सी में रखे तीन बैग और कट्टों में प्रतिबंधित मांझे के रोल मिले। इसके बाद पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम आरोपी और बरामद मांझे को लेकर रानी बाग थाने पहुंची। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान पवन कुमार (21) पुत्र भोरे लाल, निवासी ए-155 विकास नगर, उत्तम नगर, दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 51 प्रतिबंधित मांझे के रोल बरामद किए। इनमें 9 रोल MONO KITE ब्रांड, 34 रोल MONO KITE FIGHTER और 8 रोल MONO FIL GOLD ब्रांड के शामिल हैं।
पुलिस ने बरामद मांझे को जब्त कर आरोपी के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 5/15 तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में प्रतिबंधित मांझे की खरीद-फरोख्त करने की बात बताई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। शिकायतकर्ता गौरव गुप्ता ने बताया कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के कारण हर साल बड़ी संख्या में लोग घायल होते हैं और पक्षियों की मौत होती है। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली हाईकोर्ट में चाइनीज मांझे के संबंध में दायर जनहित याचिका (W.P.(C) 13014/2025) के याचिकाकर्ता भी हैं। बीते एक सप्ताह के दौरान गौरव गुप्ता की सूचना में दिल्ली और गाजियाबाद में कई जगहों पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त कर आरोपियों की धरपकड़ की गई है। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने