गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा की सेफ्टी के लिए फायर फाइटर्स मुस्तैद

कांवड़ शिविरों में अग्नि सुरक्षा की जांच, 15 स्थानों पर दमकल तैनात

गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। गुरुवार को अग्निशमन विभाग की टीम ने विभिन्न कांवड़ शिविरों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शिविरों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, विद्युत व्यवस्था, गैस सिलेंडर के उपयोग और आपातकालीन निकासी मार्गों की जांच की गई। शिविर संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए।
ग्निशमन विभाग ने शिविर संचालकों को निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए शिविरों में रेत, बालू और पर्याप्त मात्रा में पानी की व्यवस्था हमेशा उपलब्ध रखी जाए। साथ ही अग्निशामक यंत्रों को कार्यशील स्थिति में रखने, विद्युत वायरिंग एवं अस्थायी कनेक्शनों में सावधानी बरतने और ओवरलोडिंग से बचने के निर्देश दिए गए। विभाग ने गैस सिलेंडरों को सुरक्षित एवं हवादार स्थान पर रखने, खाना बनाने वाले स्थानों पर अग्निशामक यंत्र, रेत और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन निकास मार्ग को हमेशा अवरोधमुक्त रखने को कहा है।
कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए अग्निशमन एवं आपात सेवा, गाजियाबाद ने जिले के प्रमुख कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर 15 ड्यूटी प्वाइंट बनाए हैं। इन स्थानों पर 15 अग्निशमन वाहन तैनात किए गए हैं। इसके अलावा करीब 85 अग्निशमन अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे लगातार ड्यूटी पर तैनात रहकर अग्नि सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सहायता के लिए तैयार हैं। अग्निशमन विभाग की ओर से कांवड़ यात्रा की पूरी अवधि में प्रमुख मार्गों और शिविरों का नियमित निरीक्षण, अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान और सतत निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को कम किया जा सके।
फायर सेफ्टी में लापरवाही पर चार भवनों के खिलाफ न्यायालय में वाद दाखिल: अग्निशमन विभाग ने बहुमंजिली आवासीय भवनों और होटलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। विभाग की ओर से लगातार फायर ऑडिट कर अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा प्रणालियों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में अग्निशमन विभाग ने चार भवनों के खिलाफ न्यायालय में वाद दाखिल किए हैं। इनमें गॉड ग्लोबल विलेज प्लॉट संख्या GH-04 क्रॉसिंग रिपब्लिक, महागुनपुरम आवासीय परिसर एनएच-9 ग्राम महरौली, मैसर्स स्विस होटल एंड बैंक्वेट हॉल प्लॉट संख्या-140 जीटी रोड गाजियाबाद और होटल पृथ्वी पैलेस प्लॉट संख्या 11-E-221 नेहरू नगर  शामिल हैं। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि इन भवनों में अग्नि सुरक्षा प्रणालियों को निर्धारित मानकों के अनुसार कार्यशील नहीं रखा गया और निर्देशों के बावजूद समय सीमा में अनुपालन नहीं किया गया। इसके चलते इनके खिलाफ न्यायालय में कार्रवाई की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन भी भवन स्वामियों या प्रबंधन द्वारा अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों और प्रणालियों को मानकों के अनुरूप दुरुस्त कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की जाएगी, उनके खिलाफ भी उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा अधिनियम, 2022 के तहत न्यायालय में वाद दाखिल कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने