डासना में 20.972 किलो गांजा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, कार भी जब्त
गाजियाबाद। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत गाजियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्वाट टीम, अपराध शाखा और वेव सिटी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में अवैध गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 किलो 972 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद रंग की वरना कार बरामद की है।पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गाजियाबाद के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) के नेतृत्व में सोमवार 3 अगस्त को स्वाट टीम, अपराध शाखा और थाना वेव सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कंपोजिट विद्यालय, उस्मान कॉलोनी डासना के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोज खान पुत्र दीन मोहम्मद निवासी ग्राम नाहली, थाना भोजपुर, गाजियाबाद (हाल पता गली नंबर-4, गौतम विहार, न्यू उस्मानपुर, दिल्ली), उम्र करीब 28 वर्ष और मैद पुत्र जाहिद निवासी ग्राम नाहली, थाना मसूरी, गाजियाबाद, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास करते थे सप्लाई: पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथियों वसीम और शाहनवाज के साथ मिलकर गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गांजा, चरस और स्मैक जैसे अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करते थे। आरोपी फिरोज ने बताया कि उनके साथी वसीम और शाहनवाज उड़ीसा व बिहार से गांजा खरीदकर लाते थे, जिसे वे लोग यहां अधिक कीमत पर बेचते थे। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य खासकर स्कूलों, कॉलेजों और हॉस्टलों के आसपास मादक पदार्थों की सप्लाई करते थे। आरोपियों की गिरफ्तारी से युवाओं तक नशीले पदार्थों की पहुंच रोकने में मदद मिलेगी।
आरोपी का आपराधिक इतिहास: पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी फिरोज खान के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में मुकदमा दर्ज है। उसके खिलाफ थाना धौलाना, जनपद हापुड़ में मुकदमा संख्या 292/25, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी पुलिस जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद